नई दिल्ली (सुधीर सलूजा) हरियाणा भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने आज नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान व राज्यसभा सांसद एवं हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ अनिल जैन सहित कई भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की | ओम प्रकाश धनखड़ की हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद गृहमंत्री अमित शाह के साथ पहली मुलाकात है| मुलाकात के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट करके ओमप्रकाश धनखड़ को शुभकामनाएं दी और उनके नेतृत्व में भाजपा हरियाणा में नई ऊर्जा और शक्ति का संचार होने की बात कही | इसके साथ ही उन्होंने ओमप्रकाश धनखड़ के राजनीतिक संघर्ष को किसानों और गरीबों को समर्पित बताया | हरियाणा भाजपा में होने वाली संगठनात्मक नियुक्तियों को देखते हुए यह मुलाकातें काफी महत्वपूर्ण है |

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में पत्रकारों को संबोधित किया | एक पत्रकार द्वारा गुरुग्राम रजिस्ट्री घोटाले और सुरजेवाला के ट्वीट पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि इस मामले पर सरकार ने स्वयं संज्ञान लिया है यह घोटाला नहीं है यह सरकार द्वारा पारदर्शिता के लिए उठाया गया कदम है |उन्होंने कहा कि सरकार को कुछ कमियां नजर आई, इसलिए उन्हें दुरुस्त किया जा रहा है | इसमें घोटाले वाली कोई बात नहीं है| रजिस्ट्री रोकने के मामले को घोटाला कहना सही नहीं है | ओमप्रकाश धनखड़ ने बताया कि 29 जुलाई से वह हिसार से शुरू करके सभी जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और संगठन को मजबूत करेंगे |
बरोदा उपचुनाव पर पूछे गए प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि बरोदा उपचुनाव हमारे लिए नहीं हुड्डा के लिए चुनौती है |क्योंकि यह सीट हुड्डा की परंपरागत सीट रही है | भारतीय जनता पार्टी के लिए तो यह एक अवसर है|