झूठे नारों से नहीं दृढ़ संकल्पों से हटती है गरीबी, जो मोदी ने करके दिखाया है : मनोहर लाल

0
2205
यमुनानगर, 03 अप्रैल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को गरीबी हटाओ के नारे को लुभावना वादा करार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू फिर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी व मनमोहन सिंह ने गरीबी हटाओ का नारा दिया। मगर कांग्रेस ने कभी भी धरातल पर गरीबी हटाने की दिशा में काम नहीं किया। गरीबी हटाने के लिए वादा नहीं बल्कि दृढ़ संकल्प की जरूरत है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करके दिखाया है।भाजपा सरकार में गरीबों के उत्थान को लेकर जितनी योजनाएं बनी हैं, उन्हें लागू करने का भी काम किया गया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल बुधवार को साढौरा विधानसभा के तहत गांव बिलासपुर की अनाजमंडी में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य खराब होते हुए भी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता को तय करना है कि जंगल राज चाहिए या फिर रामराज। पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जितने भ्रष्टाचार हुए, जनता इससे पूरी तरह वाकिफ है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र को देश विरोधी करार दिया। घोषणा पत्र में 124-ए को हटाने की बात कही गई है। यह सीधे देशद्रोह की ओर इशारा कर रहा है। देश के भ्रष्टाचारी ईमानदार चौकीदार को चोर बता रहे हैं, लेकिन देश की 130 करोड़ जनता जानती है कि कौन चोर है और कौन चौकीदार है। कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया, इसलिए वह देश और जनता का भला नहीं कर सकती है। कांग्रेस देश की जनता को फंसाने के लिए जाल बुन रही है, लेकिन जनता को जाल में फंसने की बजाय मजबूत सरकार बनानी होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here