आईएनएलडी इंडियन नेशनल लुटेरा पार्टी जो लूटती भी है और कूटती भी है: मुख्यमंत्री मनोहर लाल

0
1277
उकलाना, 6 जुलाई- मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आईएनएलडी को लोग इंडियन नेशनल लुटेरा पार्टी कहते हैं जबकि कांग्रेस सरकार बीबीसी यानी बदली, भर्ती व सीएलयू की सरकार थी। मुख्यमंत्री आज स्थानीय आशीर्वाद गार्डन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर एचपीएससी के पूर्व चेयरमैन गुरमेश बिश्नोई ने विधिवत् रूप से भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। सम्मेलन में उकलाना विधानसभा क्षेत्र के 174 बूथों, 43 शक्ति केंद्र व तीनों मंडलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा हरियाणा की एक पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के बारे में प्रदेश भर में विख्यात है कि ये लूटेंगे भी और कूटेंगे भी जबकि दूसरी पार्टी बीबीसी पार्टी के नाम से कुख्यात है। इन दोनों की पार्टियां वंशवाद, परिवारवाद व भ्रष्टाचार से उपर नहीं उठी है। इनके कार्यकर्ताओं की सोच भी यही थी कि एक ही परिवार हमारा मसीहा है परंतु इसके विपरीत भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है जिसमें एक चाय बेचने वाला भी देश के प्रधानमंत्री के पद पर आसीन हो सकता है और मुझ जैसे आम कार्यकर्ता को भी मुख्यमंत्री का दायित्व मिल सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में सैकड़ों राजनीतिक दल हैं लेकिन पार्टी कार्यकर्ता का जितना मान-सम्मान भारतीय जनता पार्टी में होता है, उतना किसी अन्य पार्टी में नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है जिसके 10 करोड़ कार्यकर्ता हैं जिनमें से 30 लाख सक्रिय सदस्य हरियाणा प्रदेश में हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पैनी नजर रखें और उचित कार्यों का समर्थन करते हुए जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ जनता के हितों का प्राथमिकता दी जाती है। भाजपा का लक्ष्य जनता की सेवा करना, उसे साथ लेकर चलना और उनका मन जीतना है। यही कारण है कि आज विरोधी विचारधारा के लोग भी भाजपा से जुड़ रहे हैं। गत दिनों महाग्राम संपर्क अभियान के दौरान मैं छात्तर व पाई गांवों में गया जहां मुझे बताया गया था कि यहां भाजपा का जनाधार नहीं है लेकिन कार्यक्रम के दौरान हमें न केवल लोगों का भारी समर्थन मिला बल्कि विपक्षी दलों के बड़े नेता भी पार्टियां छोड़कर हमसे जुड़े। आज भाजपा से जुड़ने से पहले लोग हमारी नीतियों का मूल्यांकन करते हैं फिर हमसे जुड़ते हैं जिससे पता चलता है कि भाजपा सरकारों में आम आदमी के कल्याण को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई जाती हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि यदि जनता चाहेगी तो हमें फिर राज मिलेगा। कार्यकर्ता पार्टी की नीति और लक्ष्य को समझें और उचित कार्यों का समर्थन व अनुचित कार्यों को छोड़ते हुए आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि हमें जनता का मन जीतना है। दूसरे दलों की सरकारें केवल गलियां व सड़कें बनवाने को ही विकास समझती हैं लेकिन वर्तमान प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों के साथ आम आदमी की जीवन शैली व सामाजिक बदलाव की पहल की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के साढ़े तीन साल के कार्य पिछली कांग्रेस सरकार के 10 साल के विकास कार्यों पर भारी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा ओडीएफ अभियान को पूरा करने के बाद अब सरकार ने पर्यावरण के संरक्षण हेतु पौधारोपण अभियान शुरू किया है। इसके लिए प्रदेश के सभी सरकारी व निजी स्कूलों के 6ठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। विद्यार्थी अपने आसपास कहीं भी खाली जगह पर पौधे लगाकर उसकी देखभाल करेंगे तो उन्हें प्रति छह माह में 50 रूपये देकर प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार पिछले कई वर्षों से भिखारी मुक्त राज्य पुरस्कार लेती आ रही थी। लेकिन हमने देखा कि आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में भिखारी भीख मांगते दिखाई देते हैं। इसके मद्देनजर हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि हम तब तक यह पुरस्कार नहीं लेंगे जब तक प्रदेश को वास्तव में भिखारियों से मुक्त नहीं कर देते। केवल कागजी उपलब्धियों के आधार पर पुरस्कार लेने में हमारा विश्वास नहीं है बल्कि जनता के कल्याण से जुड़े कार्यों को हकीकत में मूर्तरूप देने की दिशा में कार्य करना चाहते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here