कुरुक्षेत्र। भाजपा प्रत्याशी नायब सैनी ने कहा है कि गीतास्थली कुरुक्षेत्र को विश्व के मानचित्र पर लाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। चुनाव जीतने के बाद उनका मुख्य उद्देश्य कुरुक्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर नई पहचान मिले। कुरुक्षेत्र की ऐतिहासिक व पौराणिक महत्ता को देखते हुए यहां चहुंमुखी विकास कराया जाएगा। वे गुरुवार को चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने कुुरुक्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए काफी प्रयास किए हैं। इन प्रयासों के तहत कुरुक्षेत्र में पहली बार गीता जयंती महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने का काम किया गया। इतना ही नहीं कुरुक्षेत्र के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए यहां का चहुंमुखी विकास कराने के लिए इसे कृष्णा सर्किट के तहत शामिल कर करोड़ों रुपये विकास कार्यों के लिए दिया गया। उन्होंने कहा कि गीता जयंती उत्सव को और अधिक यादगार बनाने के लिए केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की ओर से कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि अगर कुरुक्षेत्र की जनता ने उन्हें सेवा करने का मौका दिया तो वे कुरुक्षेत्र को चार चांद लगा देंगे। यहां का पहले से अधिक तीव्र गति से विकास होगा। उनका प्रयास रहेगा कि कुरुक्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन क्षेत्र में भी पहचान मिले। कुरुक्षेत्र में आने वाले पर्यटकों व श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें। ये सब उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा।
इस अवसर पर विधायक सुभाष सुधा, लाडवा विधायक डॉ. पवन सैनी, जिप चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी व जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर प्रमुख रूप से मौजूद थे।